वाराणसी।
नववर्ष 2026 के पहले दिन काशी में आस्था के साथ सेवा और स्वास्थ्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए गोदौलिया स्थित तांगा स्टैंड पर आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा एक निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को लाभ मिला।
इस सेवा अभियान का शुभारंभ प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र (दयालु) ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। शिविर का उद्देश्य तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
1015 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी—तीनों चिकित्सा पद्धतियों के अनुभवी चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया।
सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित इस शिविर में कुल 1015 मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
उदर रोग, गठिया, मधुमेह, मौसमी एवं ऋतुजनित रोगों से पीड़ित बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया और आयुष पद्धतियों के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
मंत्री ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने शिविर में स्वयं बैठकर मरीजों से संवाद किया, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और दवाओं व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं आमजन से बातचीत कर सेवा कार्य की सराहना की। शिविर परिसर में बने सेल्फी प्वाइंट पर मंत्री ने चिकित्सकों व नागरिकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर
डॉ. अरविंद कुमार सिंह (क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी),
डॉ. रचना श्रीवास्तव (जिला होम्योपैथिक अधिकारी)
डॉ. शैलेंद्र कुमार (क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी)
सहित अनेक चिकित्सक, कर्मचारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी के समन्वित प्रयास से शिविर को सफल बनाया गया।
स्वास्थ्य सेवा की सराहनीय पहल
नववर्ष के अवसर पर आयोजित यह आयुष चिकित्सा शिविर स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिससे काशी आए हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क, सुरक्षित और भरोसेमंद उपचार सुलभ हो सका।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
वाराणसी सहित पूर्वांचल में गर्मी की दस्तक, थमने लगा पछुआ का असर
बड़ागांव के निजी क्लिनिक में इलाज को लेकर विवाद, पुलिस बोली—तहरीर के आधार पर जांच जारी
समस्या निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो अधिकारियों का वेतन रोका