समस्या निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो अधिकारियों का वेतन रोका

पिंडरा (वाराणसी)। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी Satyendra Kumar सख्त नजर आए। पिंडरा तहसील सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने जलनिगम और वन विभाग के अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश देते हुए कई अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।

शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों से सीधे संवाद कर एक-एक प्रार्थना पत्र की स्वयं समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 131 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।

जनसुनवाई के दौरान जल जीवन मिशन से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। ग्रामीणों ने थानारामपुर, औराव, फूलपुर, करखियाव सहित कई गांवों में जलापूर्ति बाधित होने, पाइपलाइन लीकेज, टेल तक पानी न पहुंचने और दूषित जलापूर्ति की शिकायत की। अधिशासी अभियंता द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान न होने पर निलंबन की चेतावनी दी।

वहीं चांगवर निवासी हसनैन ने अपने घर पर गिरे पुराने महुआ के पेड़ को हटाने की अनुमति न मिलने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर जब वन विभाग के अधिकारी को बुलाया गया तो उनके अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

कठिराव निवासी दशरथ जायसवाल ने घरौनी के नाम पर क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो पर 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। साथ ही बाहरी लोगों को अवैध रूप से घरौनी देने की शिकायत भी की गई, जिस पर तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा बिंदा गांव निवासी अधिवक्ता कृष्ण चंद चौहान ने राष्ट्रीय राजमार्ग के नाले की सफाई के बाद सड़क पर सिल्ट और गंदगी छोड़ देने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

फूलपुर के टेटुवा निवासी प्रमिला पटेल ने न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की। वहीं अमौत गांव के सुनील प्रजापति और विष्णु प्रजापति ने भीटा और बंजर भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत की। पिंडरा निवासी अशोक कुमार ने बैनामे की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व, विकास, पेयजल और आपूर्ति विभाग से जुड़ी अधिकांश शिकायतें सामने आईं।
इस अवसर पर Pratibha Mishra, एडीसीपी नितेंद्र सिंह, एसीपी प्रतीक कुमार, प्रभारी तहसीलदार राधेश्याम यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News