वाराणसी। वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। अब ठंड लगभग विदा हो चुकी है और वातावरण में धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। इस दौरान वातावरण में न्यूनतम आर्द्रता 49 प्रतिशत और अधिकतम 74 प्रतिशत दर्ज की गई।
शनिवार सुबह हल्की ठंडक और आंशिक बादलों की स्थिति बनी रही, लेकिन सुबह सात बजे के बाद सूरज की तपिश बढ़ने के साथ वातावरण में गर्मी का असर महसूस होने लगा। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की गति फिलहाल धीमी बनी हुई है, हालांकि दिन में हल्की सतही हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह में मौसम के रुख में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन धीरे-धीरे पछुआ हवाओं का प्रभाव कम होने लगेगा और पुरवा हवाओं का असर बढ़ सकता है। फिलहाल सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार पूर्वांचल में आसमान साफ है और मौसम शुष्क बना हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार तापमान और आर्द्रता में बढ़ोतरी होने के साथ आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता भी बढ़ सकती है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बढ़ती धूप और गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने और दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

More Stories
बड़ागांव के निजी क्लिनिक में इलाज को लेकर विवाद, पुलिस बोली—तहरीर के आधार पर जांच जारी
समस्या निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो अधिकारियों का वेतन रोका
2027 के लिए सपा का ‘PDA’ फॉर्मूला बदलेगा सियासत? संगठन में अब भी हावी M-Y समीकरण