गुमशुदा महिला व पुत्र सकुशल बरामद, परिजनों को किया सुपुर्द

पिंडरा।
घर से नाराज होकर अपने छह वर्षीय पुत्र के साथ निकली विवाहिता महिला को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। महिला बदायूं जनपद में मिली, जहां से पुलिस टीम उसे सुरक्षित वापस लाई।

जानकारी के अनुसार 8 फरवरी को पारिवारिक विवाद के चलते तथा काम के सिलसिले में महिला अपने पुत्र के साथ बिना बताए घर से चली गई थीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला की सास द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में गुमशुदगी दर्ज की गई।

प्रभारी निरीक्षक फूलपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी कठिराव सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने सोशल मीडिया, सर्विलांस सेल और सीसीटीवी कैमरों की मदद से लगातार प्रयास किए।

फूलपुर प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि 21 फरवरी को पुलिस टीम ने जनपद बदायूं से गुमशुदा महिला नेहा कन्नौजिया (30 वर्ष) तथा उनके पुत्र रोशन (6 वर्ष) निवासी ग्राम दबेथुआ को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस की सक्रियता से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Share the News