विधिक सहायता शिविर में किसानों को बड़ी सौगात

वाराणसी, 22 फरवरी 2026। में रविवार को आयोजित विशाल विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में किसानों को कृषि योजनाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की गईं। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।

जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कृषि विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नि:शुल्क दलहन बीज मिनिकिट वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया और प्रसार कार्यक्रम के अंतर्गत जायद 2026 में गन्ना अंतःफसली खेती हेतु उर्द एवं मूंग के नि:शुल्क बीज मिनिकिट की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली का अवलोकन किया।

ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को उर्द एवं मूंग के बीज निःशुल्क वितरित किए गए, जिससे दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सोलर लाइट ट्रैप से कीट नियंत्रण

शिविर में किसानों को अनुदान पर सोलर लाइट ट्रैप भी उपलब्ध कराए गए। यह उपकरण बिना रासायनिक दवाओं के हानिकारक कीटों को प्रकाश की ओर आकर्षित कर नियंत्रित करता है। विशेष रूप से तना छेदक, पत्ती लपेटक और विभिन्न इल्लियों के नियंत्रण में यह प्रभावी माना जाता है। इससे कीटनाशकों पर होने वाला खर्च कम होगा और फसल की निगरानी भी बेहतर हो सकेगी।

मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण

किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित कर मिट्टी की गुणवत्ता, पोषक तत्वों की स्थिति और संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी गई। इससे खेती की लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

इसके अतिरिक्त खेत तालाब योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

किसानों से संवाद

अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान संबंधी जानकारी दी। इस अवसर पर काशी जैविक उत्पाद से जुड़े एफपीओ के कार्यों की भी जानकारी ली गई।

शिविर में मिली सुविधाओं और संवाद कार्यक्रम से किसान संतुष्ट नजर आए और उन्होंने इस पहल की सराहना की।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News