वाराणसी। थाना सारनाथ पुलिस ने कोडीनयुक्त औषधियों के अवैध क्रय-विक्रय के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सत्येन्द्र कुमार साहू (संचालक, राजा मेडिकल एण्ड सर्जिकल एजेंसी) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 0623/2025 से संबंधित मामले में 22 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:45 बजे थाना परिसर में पूछताछ के बाद अभियुक्त को विधिक रूप से गिरफ्तार किया।
मामला क्या है?
18 दिसंबर 2025 को औषधि निरीक्षक जुनाब अली द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मेसर्स पी.डी. फार्मा की औषधि विक्रय अनुज्ञप्ति का दुरुपयोग कर कोडीनयुक्त दवाओं को बिना चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के खुले बाजार में बेचा जा रहा था। आरोप है कि इन दवाओं की बिक्री नशे के उद्देश्य से की जा रही थी।
तहरीर में कूटरचित क्रय-विक्रय बिलों के उपयोग तथा जांच में सहयोग न करने की बात भी सामने आई। मामले में थाना सारनाथ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं व एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/29/26D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी द्वारा की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस प्रकरण में अब तक 9 अन्य अभियुक्तों — विष्णु कुमार पाण्डेय, लोकेश अग्रवाल, प्रतीक गुजराती, सुरेशचन्द्र गुप्ता, फैजुर रहमान, मोहम्मद सैफ, भोला प्रसाद, विनोद अग्रवाल और आकाश पाठक — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- नाम: सत्येन्द्र कुमार साहू
- पिता: स्व. मुन्नूलाल
- निवासी: मालवीय नगर, थाना मुट्ठीगंज, प्रयागराज
- उम्र: लगभग 43 वर्ष
गिरफ्तारी टीम
- थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी
- कांस्टेबल सौरभ तिवारी
पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। अवैध मादक दवाओं के कारोबार पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
कुंडरिया के बाबा हनुमान मंदिर का 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
मतदाता सूची में नाम है या नहीं? आज ही करें पुष्टि!
विधिक सहायता शिविर में किसानों को बड़ी सौगात