कुंडरिया के बाबा हनुमान मंदिर का 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

जंसा (वाराणसी)। जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव स्थित प्राचीन बाबा हनुमान मंदिर में रविवार को 38वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर रामचरितमानस का अखंड पाठ विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामनाओं की प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विगत वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी हनुमान जी का विशेष एवं भव्य श्रृंगार किया गया। आकर्षक पुष्प सज्जा, कुमकुमाती झालरों और रंग-बिरंगी मालाओं से सुसज्जित मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। “भये प्रकट कृपाला दीन दयाला, जय हनुमान जय-जय हनुमान” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी लक्ष्मीशंकर पाण्डेय ने “जय-जय बजरंग बली” सहित आधा दर्जन भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरी रात्रि सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा।

सायंकाल बाबा दरबार में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मंदिर के संस्थापक स्वर्गीय बाबा त्रिलोकीनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके योगदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में राजेन्द्र प्रताप सिंह, मनीष सिंह, विवेका सिंह, गोपाल सिंह, लक्ष्मीशंकर पाण्डेय, आनन्द सिंह, चंदन सिंह व दुर्गेश सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News