नौकरी वाला दूल्हा बताकर दहेज के नाम पर लाखों की वसूली, विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाला

बड़ागांव। थाना क्षेत्र के धनेसरी गांव में एक विवाहिता के साथ दहेज के नाम पर लाखों रुपये की वसूली और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने संयुक्त पुलिस आयुक्त वाराणसी से न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के पचवार गांव निवासी दिलीप कुमार पांडेय की पुत्री अंकिता पांडेय का विवाह 30 जनवरी 2024 को सिंधोरा थाना क्षेत्र के ओदार गांव (वर्तमान निवास धनेसरी, बड़ागांव) निवासी अवधेश कुमार पाठक के पुत्र प्रवीण कुमार पाठक के साथ हुआ था। विवाह के समय ससुराल पक्ष ने दूल्हे को नौकरीपेशा और अच्छी तनख्वाह वाला बताकर दहेज की मांग की। आरोप है कि पीड़िता के पिता ने 5 लाख 51 हजार रुपये नगद, आभूषण और अन्य घरेलू सामान देकर शादी संपन्न कराई।

शादी के बाद से ही विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि पति अमानवीय व्यवहार करता था, जबकि ससुर उस पर बुरी नीयत रखकर दबाव बनाते थे। विरोध करने पर पति, सास जयदेवी, ननद ज्योति दुबे समेत अन्य परिजन मारपीट करते और जान से मारने की धमकी देते थे। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर मानसिक रूप से अस्वस्थ साबित करने की भी कोशिश की गई।

पीड़िता का कहना है कि 18 जनवरी 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन सादे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराए और उसके आभूषण अपने पास रखकर उसे मायके भेज दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त वाराणसी ने बड़ागांव पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने पति प्रवीण कुमार पाठक समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share the News