75 हजार की रिश्वत लेते थाना बारा के प्रभारी निरीक्षक गिरफ्तार

प्रयागराज। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना बारा, यमुनानगर कमिश्नरेट के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर को 75,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संतोष कुमार दूबे, निवासी लुकमनपुर बीरमपुर, थाना सुरियांवा, जनपद भदोही ने एंटी करप्शन इकाई में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगाने के एवज में प्रभारी निरीक्षक द्वारा 75,000 रुपये की मांग की गई थी।

शिकायत की गोपनीय जांच के बाद 17 फरवरी 2026 को एंटी करप्शन इकाई कार्यालय प्रयागराज में औपचारिक रूप से मामला दर्ज किया गया। इसके आधार पर 18 फरवरी 2026 को निरीक्षक मृत्युंजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में 15 सदस्यीय ट्रैप टीम गठित की गई।

दोपहर करीब 2:40 बजे टीम ने थाना बारा स्थित प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को शिकायतकर्ता से 75,000 रुपये रिश्वत लेते हुए लोकसेवक साक्षियों एवं ट्रैप टीम के समक्ष रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना घूरपुर, कमिश्नरेट प्रयागराज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


📞 शिकायत हेतु संपर्क

  • भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल: 9454402490
  • भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय, लखनऊ (कंट्रोल रूम): 9454402484

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News