पिंडरा।
काशी द्वार योजना के विरोध में प्रस्तावित किसान पंचायत व प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को पिंडरा क्षेत्र के चार गांवों—रमईपुर, मानापुर, समोगरा व चनौली—में भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालात को देखते हुए 9 थानों की फोर्स के साथ पीएसी व आरएएफ की तैनाती की गई, जिससे इलाके में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और आम राहगीरों में कौतूहल बना रहा।
प्रशासन द्वारा गांवों में आवागमन पर प्रतिबंध लगाए जाने से कई किसान घर छोड़कर खेतों में दिन बिताने को मजबूर हुए, जबकि महिलाएं दिनभर पंचायत स्थल पर डटी रहीं। दोपहर प्रस्तावित महापंचायत स्थगित हो गई, लेकिन तमाम सुरक्षा इंतजामों को धता बताते हुए शाम करीब 4 बजे किसान न्याय मोर्चा के प्रदेश संयोजक महेंद्र सिंह (एडवोकेट) और किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष कमलेश राजभर के पहुंचते ही किसानों व महिलाओं ने मोर्चा संभाल लिया और पंचायत आयोजित हुई।
पंचायत में वक्ताओं ने जिला व पुलिस प्रशासन पर किसानों के उत्पीड़न, डराकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। किसानों ने शनिवार को जिलाधिकारी से मिलकर गांवों की स्थिति से अवगत कराने का निर्णय लिया। पंचायत में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की उपस्थिति अधिक रही। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत के लिए तैयार की गई लगभग दो कुंतल बूंदी को रात में वर्दीधारी लोगों द्वारा मिट्टी डालकर खराब कर दिया गया, वहीं एक महिला ने मिठाई में जहर मिलाने का भी आरोप लगाया।
किसान नेताओं ने यह भी कहा कि पंचायत को रोकने के उद्देश्य से कई किसान नेताओं को नजरबंद किया गया। पंचायत में किसान नेता रामजन्म यादव, लक्ष्मण मौर्य, राहुल कुमार, लक्ष्मण प्रसाद, भाकपा नेता श्यामलाल पटेल, दिनेश पटेल, रामजग समेत दर्जनों किसान उपस्थित रहे।
देर शाम तक गांवों में पुलिस बल व आरएएफ की तैनाती बनी रही। किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें गांव से बाजार तक जाने से रोका गया। मौके पर एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, एडीसीपी गोमती जोन वैभव बांगर, एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कादयान, एसीपी प्रतीक कुमार सहित फूलपुर, बड़ागांव, सिंधोरा, कपसेठी समेत 9 थानों की फोर्स मौजूद रही।
वहीं इंस्पेक्टर फूलपुर अतुल सिंह ने बताया कि बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। हिरासत में लिए गए किसानों को बाद में छोड़ दिया गया।

More Stories
सिगरा स्टेडियम में न्यायिक अधिकारी बनाम अधिवक्ता मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैचजिला जज संजीव शुक्ला करेंगे कप्तानी
चौकाघाट में अवैध मछली मंडी पर सख्ती, 8 विक्रेताओं पर FIR की सिफारिश
महाशिवरात्रि पर काशी तैयारकाशी विश्वनाथ धाम में उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा–सुविधा को लेकर सख्त निर्देश