शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं चलेगीसंपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी का सख्त संदेश, 231 शिकायतों की हुई सुनवाई

वाराणसी | 07 फरवरी 2026
जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तहसील राजातालाब के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी जनशिकायतों को गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

मौके पर जाकर सुनें शिकायतकर्ता

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहे, बल्कि स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि वास्तविक समाधान तभी संभव है जब अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या की जड़ तक पहुंचें।

भूमि विवाद व अतिक्रमण पर सख्ती

भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई की जाए। यदि किसी मामले में बार-बार शिकायतें प्राप्त होती हैं, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

231 प्रार्थना पत्र, 12 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 231 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।

पारदर्शिता व निष्पक्षता पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जनशिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता, निष्पक्षता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में शिकायतकर्ता की बात सुनना और तथ्यों की गहन जांच के बाद ही निर्णय लिया जाए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News