महाशिवरात्रि पर काशी तैयारकाशी विश्वनाथ धाम में उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा–सुविधा को लेकर सख्त निर्देश

वाराणसी | 07 फरवरी 2026
महाशिवरात्रि पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से काशी विश्वनाथ धाम के बोर्ड रूम (सभागार) में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त वाराणसी मंडल, पुलिस आयुक्त पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी एवं जिलाधिकारी वाराणसी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग सहित सभी सुरक्षा व सुविधा प्रदायी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पर्व के दौरान प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारियों का स्पष्ट चिन्हांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सुरक्षा पर फोकस

विद्युत विभाग को धाम व आसपास के सभी विद्युत खंभों की टेपिंग एवं इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट पूर्ण करने के निर्देश।

अग्निशमन विभाग को फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश।

खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी के निर्देश।

श्रद्धालु सुविधा व्यवस्था

दर्शन व्यवस्था हेतु बैरिकेडिंग, प्रमुख स्थानों पर खोया-पाया केंद्र, शुद्ध पेयजल एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था।

धाम परिसर में मेडिकल हेल्पडेस्क, ग्लूकोज/ओआरएस/गुड़ की उपलब्धता।

नगर निगम को बंदरों एवं आवारा पशुओं के नियंत्रण हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

प्रतिबंधित वस्तुएँ न लाएँ

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे बड़े बैग, मोबाइल फोन, स्मार्ट/डिजिटल घड़ी, पेन, तंबाकू, पॉलीथीन/प्लास्टिक सहित अन्य निषिद्ध वस्तुएँ साथ न लाएँ। महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष/स्पर्श दर्शन संभव नहीं होगा।

दर्शन व आरती का समय

मंगला आरती: प्रातः 02:15 से 03:15 बजे।

गर्भगृह की सफाई के बाद सामान्य दर्शन प्रारंभ होंगे और लगातार 45 घंटे तक जारी रहेंगे।

16 फरवरी 2026 को रात्रि 11:00 बजे मंदिर बंद होगा; तब तक दर्शन निरंतर चलते रहेंगे।

काशीवासियों के लिए प्रातः 04:00 से 05:00 बजे के दर्शन नियमों पर अलग व्यवस्था तय की जाएगी।

स्थलीय निरीक्षण

बैठक के बाद मंडलायुक्त ने पूरे धाम परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे खाली पेट दर्शन हेतु न आएँ और सभी निर्देशों का पालन करें। धाम प्रशासन सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित दर्शन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

About The Author

Share the News