बनियापुर के रामजनम ने ढांक दांव लगाकर चंदौली के चंदन पहलवान को किया चित

ग्राम पंचायत गौराकला स्थित वीरलोरिक व्यायामशाला में रविवार को भव्य दंगल में देशभर के नामी गिरामी पहलवानों ने अपने दांव से दर्शकों को रोमांचित किया। वाराणसी के बनियापुर अखाड़े के पहलवान रामजनम ने 3.57 मिनट में ढांक दांव लगाकर चंदौली के चंदन पहलवान चारों खाने चित कर जीत हासिल की।

सबसे रोचक कुश्ती दिल्ली के मोंटी पहलवान और बीएलडब्ल्यू के सचिन पहलवान के बीच हुई। सचिन के ढांक दांव का काट निकालने हुए मोंटी ने उल्टी दांव का इस्तेमाल कर बच निकले। अहरक के विकास ने अपने सधे हुए धोबियापाठ दांव से मऊ के राजेश को हराया जबकि दिल्ली के हरेंद्र और वाराणसी के यशवंत गिरी, वाराणसी के रवि गिरी और गाजीपुर के मुलायम पहलवान के बीच हुए मुकाबले बराबरी पर छूटे।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एसएन यादव ने पहलवानों से हाथ मिलाकर कराया। आयोजन सचिव क्षमा पहलवान ने बताया कि दंगल में दिल्ली और यूपी के विभिन्न जिलों और अखाड़ों से आए 60 से अधिक जोड़ी पहलवानों ने पारंपरिक दंगल में दमखम दिखाया। इस मौके पर आकाश मौर्य, उमेश प्रधान, राजेश उर्फ राजू प्रधान, धर्मेंद्र यादव, आशीष आदि मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका में लालजी यादव, रामजनम, रामसेवक मास्टर, रामकिशुन और मनोहर पहलवान थे।

About The Author

Share the News