वाराणसी। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने शनिवार को थाना जंसा में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याओं को मौके पर सुना और उनकी शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने समाधान रजिस्टर का अवलोकन किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में यह सामने आया कि थाना जंसा में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक जगदीश राम एवं उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह द्वारा कई आवेदकों के प्रार्थना-पत्रों का रजिस्टर में इंद्राज नहीं किया गया था। इसके अलावा दोनों अधिकारियों द्वारा प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर एक सप्ताह तक मौके पर जांच न करने, समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का सही तरीके से संधारण और फीडबैक न लेने जैसी लापरवाहियां भी उजागर हुईं।
इन खामियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच (Preliminary Inquiry) के आदेश जारी किए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी एसीपी राजातालाब को सौंपी गई है।
पुलिस उपायुक्त स्पष्ट संदेश दिया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर की लापरवाही को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और समाधान दिवस को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

More Stories
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे
50 हजार का इनामी गैंगस्टर STF के शिकंजे में