वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग के नेशनल सेंटर फॉर एजिंग (NCA) के चीफ़/नोडल अधिकारी डॉ. अनुप सिंह को इंडियन एकेडमी ऑफ जेरियाट्रिक्स (IAG) द्वारा वर्ष 2025 का यंग स्कॉलर अवॉर्ड प्रदान किया गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 15 नवम्बर 2025 को GERICON सम्मेलन के दौरान आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC), पुणे में प्रदान किया जाएगा। सम्मान स्वरूप डॉ. सिंह को मैडल, प्रमाणपत्र एवं ₹20,000 की नकद राशि दी जाएगी।
यह वार्षिक सम्मान देशभर के उन युवा चिकित्सकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है जिन्होंने अनुसंधान, नैदानिक कार्य और शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
इसके साथ ही, डॉ. अनुप सिंह को प्रतिष्ठित “जोधपुर ऑरेशन” के लिए भी आमंत्रण प्राप्त हुआ है, जिससे यह क्षण उनके लिए द्विगुण राष्ट्रीय सम्मान बन गया है।
डॉ. सिंह की इस उपलब्धि से बीएचयू चिकित्सा समुदाय में हर्ष और गर्व का माहौल है।

More Stories
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे