वाराणसी। भारत के लौह पुरुष और देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (31 अक्टूबर) को लेकर तैयारियों की समीक्षा हेतु नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरदार पटेल की जयंती जनभागीदारी के साथ भव्य और प्रेरणादायी रूप में मनाई जाए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का जो स्वप्न देखा था, उसे साकार करने की दिशा में यह आयोजन समाज में एकता, अखंडता और राष्ट्रभावना को मजबूत करेंगे।
ऊर्जा मंत्री ने आगामी ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) सहित सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह दौड़ युवाओं में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को जागृत करेगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शासनादेश के अनुरूप विद्यालयों से लेकर उच्च शिक्षा संस्थानों तक रंगोली, निबंध, भाषण प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर श्रद्धांजलि सभाएं, प्रभात फेरी और एकता दिवस समारोह भी संपन्न होंगे।
उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त, डीपीआरओ, बेसिक शिक्षा अधिकारी और उच्च शिक्षा अधिकारी के समन्वय से व्यापक जनजागरूकता लाते हुए सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा।

More Stories
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे