वाराणसी। कमिश्नरी ऑडिटोरियम में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की मंडल स्तरीय कार्यशाला में प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने युवाओं को स्वदेशी अपनाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि “आज विश्व के सभी देशों में अघोषित आर्थिक युद्ध छिड़ा हुआ है, ऐसे में हमें स्वदेशी को बढ़ावा देना होगा।” उन्होंने युवाओं से कहा – “उठो युवा मित्रों और कुछ करके दिखाओ।”
उन्होंने जन्मदिन, विवाह और त्योहारों जैसे आयोजनों में भी स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर जोर दिया। साथ ही बताया कि सरकार छोटे उद्योगों को लगातार बढ़ावा दे रही है और युवाओं को ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त व गारंटी फ्री लोन उपलब्ध कराया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने युवाओं को नए विचारों पर काम करने और पर्यटन क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर गाजीपुर के मोहम्मद मातम को ओडीओपी के तहत ₹25 लाख का चेक और वाराणसी मंडल के लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया।
कार्यशाला में उद्योग विशेषज्ञों ने युवाओं को नए बिजनेस मॉडल, फ्रेंचाइज़ी अवसर, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और बैंक लोन प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक सहित कई बैंकों के अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक मंडल से लगभग 10,000 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं, जिनमें से 3,864 आवेदन स्वीकृत और 3,917 को ऋण वितरित किया जा चुका है।

More Stories
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे
50 हजार का इनामी गैंगस्टर STF के शिकंजे में