वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोहनिया में जुआ खेलते 11 गिरफ्तार, ₹4.81 लाख कैश बरामद

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन और डीसीपी क्राइम सरवणन टी. के नेतृत्व में गठित एसओजी-2 टीम ने गुरुवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना रोहनिया क्षेत्र के ग्राम केशरीपुर में घर के अंदर चल रहे ताश के जुए पर छापेमारी कर 11 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

एसओजी-2 टीम ने पहले गुप्त रूप से रेकी की और पुख्ता सूचना मिलने पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम ने ₹4,81,340/- नकद, 13 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 4 ताश की गड्डियां बरामद कीं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान श्यामबली (राजातालाब), राजू सोनकर (मिर्जापुर), सतेन्द्र कुमार (राजातालाब), आनंद कुमार उपाध्याय (राजातालाब), संतोष कुमार (शिवपुर), हरिराम (मिर्जापुर), रामदुलार सिंह (बिहार), रविशंकर (मिर्जामुराद), राजू कुमार (कैण्ट), किताबुद्दीन (मिर्जापुर) और अनुराग गोलू तिवारी (रोहनिया) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई एसओजी-2 टीम द्वारा अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। टीम लगातार जुआ, अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सक्रिय है।

About The Author

Share the News