भदोही: कोतवाली क्षेत्र के लालानगर टोल प्लाजा के पास ज्ञानपुर मोड़ पर बीती रात चोरों ने एक सर्राफा की दुकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुट गई है।
चोरों ने उड़ाए 26 लाख के जेवरात
खमरिया निवासी राहुल सोनी की सर्राफा दुकान टोल प्लाजा से ज्ञानपुर जाने वाली सड़क के मोड़ पर स्थित है। रविवार की रात राहुल दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान, देर रात चोरों ने शटर उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पीड़ित राहुल सोनी के अनुसार, चोर दुकान से करीब 17 किलो चांदी और डेढ़ सौ ग्राम सोने के जेवर सहित कुल 26 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गोपीगंज पुलिस, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे चोरों की पहचान की जा सके।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
टोल प्लाजा जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब चोरों की धरपकड़ के लिए तेजी से काम कर रही है।

More Stories
राजस्व कार्यों में ढिलाई पर सख्ती: लक्ष्य पूरा न होने पर होगी कार्रवाई – जिलाधिकारी
काशी में स्वच्छता की कमान महिलाओं के हाथ, होम कंपोस्टिंग से बनीं बदलाव की मिसाल
ग्रामीण प्रतिभाओं का दम: वाराणसी में जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता में 12 संसदीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर