ग्रामीण प्रतिभाओं का दम: वाराणसी में जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता में 12 संसदीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

वाराणसी। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग (UPRSL) के अंतर्गत वाराणसी जोन स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का आयोजन 13 मार्च 2026 को किया गया। प्रतियोगिता डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर तथा विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर में आयोजित हुई, जिसमें वाराणसी जोन के 12 संसदीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य तथा विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपनिदेशक युवा कल्याण वाराणसी मंडल मनोज कुमार ने अतिथियों का बुके और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रीना यादव ने किया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, कबड्डी, भारोत्तोलन और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसमें गाजीपुर, चंदौली, घोसी, भदोही, बलिया, मिर्जापुर, जौनपुर और आजमगढ़ सहित कई जिलों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

सब-जूनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मोहम्मद मारूक (गाजीपुर) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि प्रशांत कुमार (घोसी) दूसरे और सत्यम पटेल (मछलीशहर) तीसरे स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में चंदौली की टीम विजेता और घोसी (मऊ) की टीम उपविजेता रही।

महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। सब-जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सिमरन (गाजीपुर) प्रथम, आंचल (मिर्जापुर) द्वितीय और रिया वर्मा (लालगंज) तृतीय स्थान पर रहीं।

सीनियर वर्ग की पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम विजेता और भदोही की टीम उपविजेता रही। इसके अलावा एथलेटिक्स और भारोत्तोलन की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।

इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी नितीश कुमार राय, विवेक सिंह, वीरेंद्र कुमार, रागिनी सिंह, वीरेंद्र प्रताप सिंह, अविनाश, आनंद, जितेंद्र यादव, ओम प्रकाश सिंह और उमराव पाल सहित पीआरडी जवान मौजूद रहे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं मेरठ (18–20 मार्च) में कबड्डी, कुश्ती और जूडो, झांसी (22–24 मार्च) में वॉलीबॉल, भारोत्तोलन और फुटबॉल तथा प्रयागराज (25–27 मार्च) में एथलेटिक्स और बैडमिंटन के लिए आयोजित की जाएंगी।

About The Author

Share the News