चंदौली: सदर कोतवाली क्षेत्र के बसिला नसीरपुर चट्टी पर अंग्रेजी शराब की दुकान आवंटित किए जाने की जानकारी होते ही क्षेत्र की महिलाओं में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार को दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर पहले से चल रही देसी शराब की दुकान पर पहुंचीं और जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने शराब की बोतलें नष्ट कर दीं और चंदौली-कैली मार्ग पर धरने पर बैठकर चक्का जाम कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से दुकान हटवाने के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह देसी शराब की दुकान पिछले पांच वर्षों से संचालित हो रही थी। शाम होते ही आसपास के आधा दर्जन गांवों के लोग यहां इकट्ठा होकर शराब के नशे में हंगामा करते थे। आरोप है कि नशे में धुत लोग घरों तक पहुंचकर महिलाओं से मारपीट और उत्पीड़न भी करते थे।
यह मार्ग तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के आने-जाने का भी प्रमुख रास्ता है। शराब के नशे में लोगों द्वारा की जाने वाली छेड़खानी से भी स्थानीय लोग परेशान थे। अब जब सरकार ने यहां अंग्रेजी शराब और बीयर की नई दुकान का आवंटन कर दिया, तो महिलाओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
महिलाओं ने मांग की कि शराब की सभी दुकानें तत्काल हटाई जाएं, ताकि इलाके में शांति बनी रहे और उनके परिवार सुरक्षित रहें।
More Stories
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी टली
पीएम आवास योजना में बनने वाले मकानों की बढ़ेगी कीमत
विद्युत करेंट से घायल युवक की मौत,शोक में बरवां बाजार बंद