यूट्यूब चैनल हैक करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वाराणसी साइबर सेल की प्रतिबिंब टीम की बड़ी कार्रवाई

वाराणसी। कमिश्नरेट की साइबर क्राइम सेल की “प्रतिबिंब टीम” का उत्कृष्ट कार्य लगातार जारी है। टीम ने एक यूट्यूब चैनल हैक करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध के इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान प्रतिबिंब टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को विधिक कार्रवाई के तहत थाना फूलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने किया। टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु त्रिपाठी, उपनिरीक्षक आलोक कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक दिव्या भदौरिया, आरक्षी अंकित कुमार गुप्ता के साथ-साथ थाना फूलपुर के प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह एवं साइबर हेल्प डेस्क के उपनिरीक्षक सुनील यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी द्वारा डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर यूट्यूब चैनल हैक किया गया था। समय रहते कार्रवाई करते हुए टीम ने न केवल आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई, बल्कि साइबर अपराध के प्रति सख्त संदेश भी दिया है।

कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

About The Author

Share the News