नंदपुर में हेलीकॉप्टरनुमा ड्रोन गिरने से हड़कंप, टेस्ट फ्लाइट के दौरान हुआ हादसा

इटावा। सैफई क्षेत्र के नंदपुर गांव में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हेलीकॉप्टर जैसी आकृति वाला एक बड़ा ड्रोन अचानक गेहूं के खेत में आ गिरा। अज्ञात उड़न वस्तु समझकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, लेकिन बाद में प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यह कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं थी, बल्कि एक टेस्ट फ्लाइट के दौरान हुआ हादसा था। नागरिक उड्डयन विभाग की अनुमति से द्वारा सैफई हवाई पट्टी पर यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) के प्रोटोटाइप की टेस्टिंग की जा रही थी।

इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह नंदपुर गांव के पास खेत में गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।

हालांकि, हेलीकॉप्टर जैसे दिखने वाले इस ड्रोन को देखकर ग्रामीणों में पहले डर और भ्रम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं में घबराने के बजाय तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते स्थिति स्पष्ट की जा सके।

About The Author

Share the News