Oplus_16908288

आवारा सांडों का कहर, हमले में गाय की मौत

ग्रामीणों ने कफन ओढ़ाकर दफनाई गौ माता, छुट्टा पशुओं की बढ़ती समस्या पर जताया आक्रोश

बड़ागांव (वाराणसी)।
क्षेत्र में छुट्टा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बड़ागांव ब्लॉक के कनियर ग्राम सभा में आवारा सांडों के हमले से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद किसान परिवार में गहरा दुख व्याप्त है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार कनियर गांव निवासी हितेश मिश्रा उर्फ राजू की पालतू गाय घर के पास बंधी हुई थी। इसी दौरान दो आवारा सांड आपस में लड़ते हुए वहां पहुंच गए और अचानक गाय पर हमला कर दिया। सांडों के हमले से गाय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

गाय की दर्दभरी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह सांडों को वहां से भगाया। इसके बाद तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाया गया। चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर इंजेक्शन और दवाएं देकर उपचार शुरू किया, लेकिन गाय की हालत अत्यंत गंभीर थी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार गाय गर्भवती थी, जिससे किसान को भारी आर्थिक और भावनात्मक क्षति हुई है। घटना के बाद गांव के लोगों ने मिलकर गड्ढा खोदकर गौ माता को कफन ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक दफनाया।

इस दौरान योगेश दुबे, चंद्रमा प्रसाद मिश्रा, सूरज पांडे, अमित मिश्रा, ज्योतिभूषण मिश्रा, विजय मिश्रा और बहादुर मिश्रा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। आए दिन ये पशु खेतों की फसल और पालतू जानवरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को जल्द से जल्द पकड़कर गोशालाओं में भेजा जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

About The Author

Share the News