नट-मुसहर समुदाय में रैली निकालकर दिया अधिकारों का संदेश

पिंडरा (वाराणसी)।
बेलवा स्थित डीएनटी यूथ रिसोर्स सेंटर में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं सावित्रीबाई फुले स्मृति दिवस के अवसर पर नट समुदाय संघर्ष समिति और उड़ान (यूडीएएएन) के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न गांवों से लगभग 220 नट व मुसहर समुदाय के महिला-पुरुषों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के जीवन और उनके द्वारा चलाए गए शिक्षा आंदोलन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता आज भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज के वंचित वर्गों को सम्मान और बराबरी का अधिकार मिल सकता है।

इस अवसर पर डॉ. अनुप श्रमिक, जागृति राही और अनुप नट ने भी महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और सामाजिक समानता के विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद बेलवा नट बस्ती में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक रैली भी निकाली गई, जिसमें शिक्षा, अधिकार और समानता के संदेश दिए गए।

कार्यक्रम का संचालन प्रेम नट ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, नट समुदाय संघर्ष समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News