नियमों का उल्लंघन करने पर 2 वाहन जब्त, यात्रियों से दुर्व्यवहार की मिल रही थीं शिकायतें
वाराणसी।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के गोमती जोन में यात्रियों को परेशान करने वाले टैक्सी और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। थाना फूलपुर पुलिस की टीम ने एयरपोर्ट परिसर में नियमों का उल्लंघन करने वाले चार चालकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो वाहनों को जब्त किया गया है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ टैक्सी और ऑटो चालक एयरपोर्ट के अराइवल क्षेत्र में आने वाले यात्रियों को घेरकर जबरन सवारी लेने के लिए दबाव बनाते हैं। कई मामलों में सवारी लेने से मना करने पर यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार की भी शिकायतें सामने आई थीं।
शिकायतों में यह भी सामने आया कि कुछ चालक निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में खड़े होने के बजाय अराइवल लेन पर ही वाहन खड़ा कर लेते थे और वहीं से यात्रियों को रोककर सवारी के लिए दबाव बनाते थे। इससे एयरपोर्ट परिसर में अनावश्यक भीड़ बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने पहले टैक्सी और ऑटो चालकों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वे केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में ही वाहन खड़ा करें और यात्रियों को घेरकर परेशान न करें।
इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर एयरपोर्ट परिसर में चार पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगाई गई है। इसी क्रम में सोमवार को की गई कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वाले चार चालकों को गिरफ्तार किया गया और दो वाहनों को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने सभी चालकों को सख्त चेतावनी दी है कि निर्धारित पार्किंग क्षेत्र के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा कर यात्रियों को परेशान करने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट की व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

More Stories
सोनभद्र पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 48 उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मियों के तबादले
बैंकॉक से वाराणसी आए विमान में 25 किलो से अधिक गांजा बरामद, गुजरात के तीन यात्री गिरफ्तार
आवारा सांडों का कहर, हमले में गाय की मौत