बैंकॉक से वाराणसी आए विमान में 25 किलो से अधिक गांजा बरामद, गुजरात के तीन यात्री गिरफ्तार

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

वाराणसी।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से वाराणसी आए तीन यात्रियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। कस्टम अधिकारियों ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-216 से बैंकॉक से वाराणसी पहुंचे तीन यात्रियों को कस्टम विभाग ने एक्स-रे जांच के दौरान संदिग्ध सामान होने की आशंका पर रोक लिया। कस्टम अधीक्षक आनंद राय ने बताया कि कस्टम विभाग के निरीक्षक अजय सिंह यादव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आगमन हॉल में पंचों की मौजूदगी में यात्रियों के सामान की जांच की।

तलाशी के दौरान जिन यात्रियों को रोका गया, उनमें हिमराज रामसिंग सुंदर निवासी जुनागढ़ (गुजरात), राज कांतिलाल चौहान निवासी केशोद, जुनागढ़ (गुजरात) तथा हीनाबेन भारदा निवासी वडोदरा (गुजरात) शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार एक्स-रे जांच में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने के बाद तीनों यात्रियों के ट्रॉली बैग और हैंड बैग की सघन तलाशी ली गई।

जांच के दौरान उनके सामान से कुल लगभग 25 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार यह विशेष किस्म का गांजा है, जिसकी तस्करी बड़े महानगरों में की जाती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

कस्टम विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार बरामद गांजे की कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

About The Author

Share the News