कचरा प्रबंधन को नई रफ्तार: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने MRF सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का किया निरीक्षण

वाराणसी:
काशी में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने कचरा प्रबंधन प्रणाली को तेज करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भेलूपुर क्षेत्र के भवनियां पोखरी स्थित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया तथा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने एमआरएफ सेंटर के वर्तमान स्थल को अपर्याप्त बताते हुए इसके विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान स्थान से सेंटर को स्थानांतरित कर शंकुलधारा स्थित ट्रांसफर स्टेशन के पास उपलब्ध भूमि पर नया एमआरएफ सेंटर स्थापित किया जाए, ताकि कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने पर विशेष जोर देते हुए डोर-टू-डोर कचरा संकलन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए, जिससे पर्याप्त मात्रा में कचरे की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके और प्लांट का संचालन सुचारु रूप से चलता रहे।

नगर आयुक्त ने कहा कि काशी को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाने के लिए कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित करना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटियार, महाप्रबंधक जलकल, जोनल स्वच्छता अधिकारी, सफाई निरीक्षक तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News