20 माह बाद पुलिस लड़की को खोजने में रही कामयाब

बड़ागांव, वाराणसी। थाना बड़ागांव क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति द्वारा दिनांक 18 मई 2024 को दर्ज कराए गए मुकदमे में पुलिस को 20 माह बाद बड़ी सफलता मिली है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार वादी की 17 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 12 की छात्रा है, 14 मई 2024 को साधोगंज बाजार स्थित कोचिंग सेंटर पढ़ने गई थी। कोचिंग समाप्त होने के बाद वह घर के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने आशंका जताई थी कि घर के सामने रहने वाले एक युवक समेत कुछ लोगों की साजिश के तहत छात्रा को गायब किया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण) व 366 (बहला-फुसलाकर ले जाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

लगातार प्रयासों के बावजूद छात्रा का सुराग नहीं मिल सका। इस बीच छात्रा की मां ने मामले में क्राइम ब्रांच से भी शिकायत की। क्राइम ब्रांच की सक्रियता के बाद छात्रा और आरोपी युवक को नोएडा से बरामद कर बड़ागांव थाने लाया गया।

पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा संबंधित धाराओं के तहत बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News