वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

वाराणसी। वाराणसी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार को प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं तथा पूरे कचहरी परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी दक्षिण भारतीय व्यक्ति द्वारा यह धमकी दी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है तथा बैग, वाहन और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

मौके पर सहित भारी पुलिस बल तैनात है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है, जो पूरे परिसर में जांच अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए हर सूचना की पुष्टि कर रही हैं।

एहतियातन कचहरी परिसर में आमजन की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है और अधिवक्ताओं व वादकारियों से सहयोग की अपील की गई है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

(विस्तृत खबर की प्रतीक्षा है।)

About The Author

Share the News