लखनऊ।
शासकीय दायित्वों की व्यस्तताओं के बावजूद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जनता दर्शन के दौरान हापुड़ से आए दो सैनिकों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि दोनों देश की सेवा में तैनात हैं, जबकि उनके पिता नेत्रहीन हैं। आरोप है कि ताऊ के बेटों ने जमीन पर कब्जा कर हथियारों के बल पर धमकी दी है। मुख्यमंत्री ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए हापुड़ प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे नागरिकों से मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट उपलब्ध कराएं, सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीज के स्वास्थ्य की चिंता परिवार करे, इलाज की जिम्मेदारी सरकार निभाएगी।
जनता दर्शन में बिजली, नगर निगम, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और मन लगाकर पढ़ने तथा मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सीख दी। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट भी वितरित की।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों की सभा नाकाम, पुलिस सख्ती से नेता भूमिगत
31 मार्च तक खास सुविधा: छुट्टियों में भी खुलेंगे रजिस्ट्रेशन ऑफिस और टैक्स काउंटर, वरना लगेगा जुर्माना
अब सड़कों पर कूड़ा मिला तो जिम्मेदार होंगे अफसर: वाराणसी में स्वच्छता पर सख्त हुए मंत्री ए.के. शर्मा