काशी के खिलाड़ियों को मिलेगा इंटरनेशनल मंच, जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा आधुनिक बास्केटबॉल कोर्टवाराणसी | नगर निगम वाराणसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम वाराणसी ने शहर के उभरते बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ा कदम उठाया है। शहर के प्रतिष्ठित जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल कोर्ट बनाए जाएंगे।

हाल ही में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम की कार्यकारिणी से भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है।

नगर निगम के सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों की मदद से कोर्ट का ड्राइंग और डिजाइन तैयार किया जा रहा है। प्रस्तावित बास्केटबॉल कोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें—

सिंथेटिक सरफेस

आधुनिक फ्लड लाइट्स

दर्शकों के बैठने की समुचित व्यवस्था

महिला व पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम

जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।

शहर के मध्य स्थित जेपी मेहता ग्राउंड पहले से ही खिलाड़ियों का पसंदीदा अभ्यास स्थल रहा है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट बनने से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी, बल्कि काशी की खेल संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी।

इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा—

“प्रधानमंत्री का संकल्प है कि हर खिलाड़ी को समान अवसर मिले। काशी में बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं हैं, जिन्हें एक मजबूत मंच की जरूरत है। जेपी मेहता ग्राउंड पर बनने वाला यह कोर्ट युवाओं को समर्पित है। डिजाइन फाइनल होते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाएगा। नगर निगम काशी के हर खिलाड़ी के साथ खड़ा है।”

— रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए

About The Author

Share the News