पिंडरा।
आवास विकास परिषद द्वारा पिंडरा क्षेत्र में प्रस्तावित काशी द्वार योजना को लेकर किसानों में सर्किल रेट व मुआवजे से जुड़ी समस्याओं पर उपजे विवाद के समाधान हेतु बुधवार को नेशनल इंटर कॉलेज, पिंडरा में प्रशासन और किसानों के बीच एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने की।
बैठक के दौरान किसानों द्वारा सर्किल रेट को लेकर उठाए गए सवालों पर प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई तथा अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया। विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार कोई भी निर्णय किसानों के हितों को प्राथमिकता में रखकर ही लेगी।
बैठक में उपजिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, आवास विकास परिषद के अधिकारी सुभाष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
बताया गया कि प्रशासन के सहयोग से काशी द्वार योजना के अंतर्गत किसानों की भूमि की रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अब तक दर्जनों किसान अपनी जमीन की रजिस्ट्री करा चुके हैं।
हालांकि, जिन किसानों की भूमि सड़क किनारे या हाईवे पर स्थित है, वे मुआवजे की दर को लेकर असंतुष्ट थे। इसी मुद्दे को लेकर यह बैठक बुलाई गई थी। बैठक में दो वर्षों की अवधि के लिए 24 प्रतिशत ब्याज सहित मुआवजा दिए जाने के निर्णय पर किसानों ने सहमति जताई, जिसके बाद विवाद शांत होता नजर आया।

More Stories
सिगरा स्टेडियम में न्यायिक अधिकारी बनाम अधिवक्ता मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैचजिला जज संजीव शुक्ला करेंगे कप्तानी
चौकाघाट में अवैध मछली मंडी पर सख्ती, 8 विक्रेताओं पर FIR की सिफारिश
महाशिवरात्रि पर काशी तैयारकाशी विश्वनाथ धाम में उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा–सुविधा को लेकर सख्त निर्देश