24 घंटे में गिरफ्तार हुआ हार्डकोर गैंगस्टर, जान से मारने की देता था धमकी
वाराणसी।
गोमती जोन पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना कपसेठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जान-माल की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले एक हार्डकोर गैंगस्टर को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार ₹30,000 की रंगदारी मांगने के मामले में पंजीकृत मु0अ0सं0 024/2026, धारा 308(2)/351(3) BNS के तहत वांछित अभियुक्त पंकज सिंह उर्फ राड (उम्र लगभग 32 वर्ष), निवासी ग्राम घोषिला, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी को सिरिहिरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।
फोन और सोशल मीडिया से दी थी जान से मारने की धमकी
वादी रोहित कुमार सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार 22 जनवरी 2026 को अभियुक्त ने फोन पर ₹30,000 की रंगदारी की मांग की थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
इतना ही नहीं, अभियुक्त ने व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और ऑडियो कॉल के जरिए वादी के बच्चों के अपहरण की धमकी देते हुए पूरे परिवार को मानसिक रूप से आतंकित किया।
कई जिलों में दर्ज हैं 12 से अधिक संगीन मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय गैंगस्टर है। इसके खिलाफ वाराणसी, भदोही और जौनपुर जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टूटा अपराधियों का मनोबल
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कपसेठी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर सघन तलाश शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों की सभा नाकाम, पुलिस सख्ती से नेता भूमिगत
31 मार्च तक खास सुविधा: छुट्टियों में भी खुलेंगे रजिस्ट्रेशन ऑफिस और टैक्स काउंटर, वरना लगेगा जुर्माना
अब सड़कों पर कूड़ा मिला तो जिम्मेदार होंगे अफसर: वाराणसी में स्वच्छता पर सख्त हुए मंत्री ए.के. शर्मा