स्थापना दिवस पर पिंडरा तहसील में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
पिंडरा।
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील पिंडरा परिसर में पहली बार भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की जो मजबूत इमारत खड़ी हुई है, वह आने वाले समय में इतिहास में दर्ज होगी।
उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के तहत समाज के हर वर्ग को सम्मान और अवसर मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक रूप से निरंतर प्रगति कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विधायक डॉ. सिंह ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पिंडरा क्षेत्र से गुंडागर्दी और अराजकता समाप्त हुई है और अब यह इलाका विकास के पथ पर तेज़ी से अग्रसर है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अतिथियों ने निरीक्षण कर सराहना की।
इसके बाद कुटुंब संस्था की छात्राओं द्वारा कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं स्टेट अवार्डी शिक्षक कमलेश पांडेय के नेतृत्व में छात्राओं ने संगीतमय योग प्रस्तुति के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान दो दर्जन महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। विश्वकर्मा श्रम योजना के अंतर्गत पाँच लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। साथ ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई।
समारोह का संचालन वीरेंद्र सिंह ने किया। स्वागत तहसीलदार कुलवंत सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसीपी प्रतीक कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, बीईओ विनोद मिश्रा, डॉ. जेपी दुबे, दीपक सिंह, डॉ. एसडी अग्रवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, अभिषेक राजपूत, अवधेश मिश्रा, डॉ. दिनेश मिश्रा, उमाकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे
50 हजार का इनामी गैंगस्टर STF के शिकंजे में