सड़क सुरक्षा की बड़ी पहल: ई-रिक्शा चालकों को रिफ्लेक्टर जैकेट व वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप

वाराणसी।
सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशों एवं पुलिस आयुक्त वाराणसी के आदेशानुसार अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा की उपस्थिति में अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र द्वारा विशेष सड़क-सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत नगर क्षेत्र में रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने के लिए ई-रिक्शा चालकों को निःशुल्क रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गईं तथा ई-रिक्शाओं के अग्र, पृष्ठ एवं पार्श्व भागों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। इसका उद्देश्य कोहरा, धुंध, अंधकार एवं कम रोशनी की स्थिति में ई-रिक्शाओं की दूर से पहचान सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को प्रभावी रूप से कम करना है।

इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त यातायात द्वितीय प्रवीण कुमार, यातायात निरीक्षक मुख्यालय सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

ई-रिक्शा चालकों को दिए गए सख्त निर्देश
अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा व यातायात अनुशासन को लेकर चालकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • रात्रि, कोहरे व कम दृश्यता में रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य
  • रिफ्लेक्टर टेप हटाना या ढकना पूर्णतः प्रतिबंधित
  • हेडलाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, बैटरी व टायर की दैनिक जांच
  • ओवरलोडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लापरवाह संचालन पर पूर्ण रोक
  • वाहन चलाते समय मोबाइल/ईयरफोन का प्रयोग प्रतिबंधित
  • भीड़भाड़, स्कूल, अस्पताल व धार्मिक स्थलों के पास अतिरिक्त सतर्कता
  • नियम उल्लंघन पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि रिफ्लेक्टर जैकेट या टेप लगाने के नाम पर कहीं अवैध वसूली की सूचना मिलती है, तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।

सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
अधिकारियों ने कहा कि शीत ऋतु में कोहरा व कम दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में रिफ्लेक्टर जैकेट व टेप केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रभावी जीवन-रक्षक उपाय हैं। ई-रिक्शा शहरी यातायात का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनका सुरक्षित व अनुशासित संचालन ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाता है।

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाना है। भविष्य में भी सड़क सुरक्षा व यातायात जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News