टैटू बना पहचान की कड़ी, आरोपी पति गिरफ्तार
वाराणसी। अवैध संबंध के शक में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर शव को घर से लगभग 25 किलोमीटर दूर ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पहचान मिटाने के लिए आरोपी ने महिला का सिर और चेहरा कुचल दिया, लेकिन हाथ पर बने टैटू ने पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव की है। रविवार सुबह एक बगीचे में सूखे बाजरे के ढेर से खून से लथपथ महिला का शव बरामद हुआ। खेत मालिक की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। शव की हालत इतनी भयावह थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान लक्ष्मी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति प्रदीप मिश्रा (46 वर्ष) निवासी सोनबरसा गांव, पेशे से ऑटो चालक बताया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घुमाने के बहाने ले जाकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शुक्रवार को फोन पर हुए विवाद के बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई। शाम को वह लक्ष्मी को घुमाने के बहाने ऑटो से गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले गया और मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कैथोर गांव के एक बगीचे में ले जाकर ईंट से सिर और चेहरा कुचल दिया, ताकि पहचान न हो सके, और शव को पास में पड़े सूखे बाजरे के ढेर में छिपा दिया।
टैटू से हुई शिनाख्त
रविवार सुबह बाजरा उठाने पहुंचे एक मूक-बधिर युवक ने बाजरे के ढेर में शव देखा और इशारों से गांववालों को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस के लिए शव की पहचान एक बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान महिला के हाथों पर बने टैटू—एक हाथ पर दिल के पास ‘PL’ और दूसरे हाथ पर ‘GP’—पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए। टैटू के आधार पर पुलिस सोनबरसा गांव पहुंची, जहां मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई।
शक के आधार पर पति प्रदीप मिश्रा को हिरासत में लिया गया, जहां उसने प्रारंभिक पूछताछ में ही अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फोरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नियार दानगंज मार्ग तक सुराग तलाशे। मौके से चप्पल, खून से सनी ईंट और एक खिलौना भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और हर पहलू से गहन जांच जारी है।

More Stories
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे
50 हजार का इनामी गैंगस्टर STF के शिकंजे में