वाराणसी में बिजली बिल राहत योजना को मिली बड़ी प्रतिक्रिया

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने किया शिविर का निरीक्षण, 173 उपभोक्ता हुए लाभान्वित

वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को रोहनिया स्थित विद्युत उपकेंद्र पर आयोजित बिजली बिल राहत योजना के शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं को देखकर मंत्री ने संतोष व्यक्त किया और इसे प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजना में जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया।

आज के शिविर में 173 उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसे योजना की सफलता का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उपभोक्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना लाखों परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है। इससे उपभोक्ताओं को पुराने बकाया के निस्तारण के साथ सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बिलिंग व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।

ऊर्जा मंत्री ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में 31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। इस चरण में उपभोक्ताओं को ब्याज में 100 प्रतिशत छूट तथा मूलधन में 25 प्रतिशत तक राहत दी जा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं से समय रहते पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव शिविर लगाकर जागरूकता अभियान तेज करें, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता जानकारी के अभाव में योजना से वंचित न रह जाए। साथ ही शिविरों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

ए.के. शर्मा ने कहा कि बिजली बिल राहत योजना न केवल आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में पारदर्शिता, विश्वास और सुशासन के नए मानक भी स्थापित कर रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी, उपभोक्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

— रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए खबर

About The Author

Share the News