वाराणसी में कफ सिरप रैकेट पर SIT का बड़ा वार: 60 लाख के 30 हजार सीरप बरामद, शुभम जायसवाल का नेटवर्क बेनकाब

वाराणसी। पूर्वांचल में सक्रिय कफ सिरप सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए वाराणसी पुलिस को मंगलवार शाम बड़ी सफलता हाथ लगी। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने कफ सिरप माफिया शुभम जायसवाल के करीबी और उसके बिजनेस पार्टनर मनोज कुमार के सूजाबाद स्थित बंद पड़े गोदाम पर छापा मारकर करीब 30,000 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की। बरामद माल की बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी जा रही है।

छापेमारी के दौरान गोदाम के पुराने हिस्से में कफ सिरप की पेटियों को ढककर छिपाया गया था। मौके से आजाद जायसवाल की एक गाड़ी भी बरामद हुई है, जिसे SIT ने कब्जे में लेते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक यह बरामदगी सीधे तौर पर शुभम जायसवाल के नेटवर्क की एक अहम कड़ी को उजागर करती है, जिससे रैकेट के मुख्य सरगनाओं पर शिकंजा और कसने की उम्मीद है।

यह कार्रवाई 19 नवंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र में पकड़े गए करीब 2 करोड़ रुपये के कफ सिरप रैकेट से भी जुड़ी बताई जा रही है। उस मामले में आजाद जायसवाल के गोदाम से भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद हुई थी और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

मंगलवार की इस छापेमारी में रामनगर और रोहनिया पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी क्राइम टी. सरवण ने किया। तलाशी अभियान के दौरान एसीपी कोतवाली समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

डीसीपी क्राइम ने बताया कि SIT पूरे सिंडिकेट की सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है, ताकि नशे के लिए दुरुपयोग किए जा रहे कफ सिरप के इस बड़े नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए खबर

About The Author

Share the News