वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़कों के बीच क्षेत्रीय विधायक अवधेश सिंह द्वारा किए जा रहे विकास के दावे ज़मीनी हकीकत से कोसों दूर नज़र आते हैं। राजपुर से कोरा चौराहा को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति बेहद दयनीय है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी परत और कीचड़ ने इस मार्ग को लोगों के लिए मुसीबत बना दिया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी रास्ते से राजपुर इंटर कॉलेज तक स्कूली बच्चे रोज़ाना आते-जाते हैं। कोरा चौराहे पर स्थित सब्ज़ी मंडी तक किसान भी इसी सड़क से अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उनका मंडी तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। एक ओर केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के ज़रिये किसानों को प्रोत्साहन दे रही है, वहीं दूसरी ओर सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से किसान अपनी सब्ज़ियां समय पर मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिंडरा ब्लॉक में ऐसी दर्जनों सड़कों की हालत खस्ताहाल है। बरसात के मौसम में हालात और बदतर हो जाते हैं—सड़कों पर पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क मरम्मत की मांग की, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, क्षेत्रीय विधायक का कहना है कि सरकार द्वारा लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और जल्द ही सड़कों की मरम्मत शुरू होगी। हालांकि, स्थानीय नागरिकों का मानना है कि अगर यही विकास है, तो क्षेत्र की सच्ची तस्वीर किसी से छिपी नहीं है।
अब सवाल यह है कि क्या गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़कें ही ‘विकास की गंगा’ हैं, या फिर ज़मीनी स्तर पर ठोस काम की ज़रूरत है।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा