कार्य समीक्षा गोष्ठी में गोमती ज़ोन पुलिस को सख्त निर्देश

पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल ने लंबित विवेचनाओं, अवैध तस्करी, साइबर अपराध व महिला सुरक्षा पर कसा शिकंजा

वाराणसी | 08 दिसंबर 2025
गोमती ज़ोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त श्री आकाश पटेल द्वारा सोमवार को जोन कार्यालय में समस्त थाना प्रभारियों, मुंशियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्य समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त श्री वैभव बागर, सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा श्री प्रतीक कुमार सहित सभी थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान डीसीपी गोमती ज़ोन ने थानों के कार्यों का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए लापरवाही पर सख्ती और कार्यकुशलता में सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए।

मुख्य दिशा-निर्देश इस प्रकार रहे—

  • 07 वर्ष से कम दंडनीय अपराधों की बिना कारण लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, केस डायरी अद्यतन रखने, साक्ष्य संकलन व कोर्ट कंप्लायंस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।
  • शासन स्तर से चल रहे बांग्लादेशी/रोहिंग्या सत्यापन अभियान के तहत झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट-भट्टों, फेरीवालों, घुमन्तू व गैर-प्रान्तीय व्यक्तियों की सघन जांच कर आधार, वोटर कार्ड व पृष्ठभूमि सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
  • जमानतदारों के विरुद्ध अभियान को प्रभावी बनाने हेतु अभियुक्तों के जमानतदारों की सूची तैयार कर पहचान, पता व दस्तावेजों का व्यापक सत्यापन कराने के आदेश।
  • मादक पदार्थों की तस्करी व गौ-तस्करी पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर इंटेलिजेंस-आधारित कार्रवाई, लगातार गश्त व दैनिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश।
  • गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं हिस्ट्रीशीटरों पर निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने पर बल।
  • आरटी सेट (वायरलेस) पर तैनात कर्मचारियों को प्रत्येक सूचना तत्काल थाना प्रभारी तक पहुंचाने के सख्त निर्देश, लापरवाही पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी।
  • जनशिकायतों से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों की गुणवत्तापूर्ण व भौतिक जांच कर समयबद्ध आख्या प्रेषित करने तथा लापरवाही पर प्रारंभिक जांच व कड़ी कार्रवाई के निर्देश।
  • थानों में प्रत्येक सेक्शन की दैनिक मॉनिटरिंग अनिवार्य करने को कहा गया, ताकि अनावश्यक देरी न हो।
  • वांछित, उद्घोषित एवं NBW अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और शिथिलता पर जवाबदेही तय करने के निर्देश।
  • मिशन शक्ति के तहत एंटी-रोमियो टीमों की समीक्षा कर SOP की जानकारी, रजिस्टर अद्यतन, स्कूल–कॉलेज व बाजार क्षेत्रों में नियमित तैनाती और महिला सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने पर जोर।
  • साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, डिजिटल ट्रेसिंग, तकनीकी साक्ष्यों के संरक्षण और गंभीर मामलों में विशेषज्ञ टीमों से समन्वय के निर्देश।
  • शीतकालीन मौसम को देखते हुए चोरी व नकबजनी रोकने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने तथा गश्त की लाइव लोकेशन व्हाट्सएप समूह में साझा करने के आदेश।

पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और जनविश्वास ही पुलिसिंग की प्राथमिकता है। निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

About The Author

Share the News