वाराणसी में शुरू हुआ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान, हर घर पहुंचेगा बीएलओ — मतदाता सूची में जोड़ने-संशोधन का सुनहरा अवसर

वाराणसी जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत 28 अक्टूबर से हो चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार यह अभियान मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत जनपद के सभी बूथों पर एक साथ पुनरीक्षण कार्य किया जाएगा, जिसमें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग की अपील की है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार —
28 अक्टूबर से 3 नवम्बर 2025 तक तैयारियों, प्रशिक्षण और गणना प्रपत्रों का मुद्रण कार्य होगा।
4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे।
9 दिसम्बर 2025 को निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा।
9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी।
9 दिसम्बर से 31 जनवरी 2026 तक निस्तारण एवं सत्यापन प्रक्रिया चलेगी।
7 फरवरी 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर एनुमरेशन फॉर्म वितरित किए जाएंगे, जिन्हें भरकर मतदाता वापस बीएलओ को देंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जन्म तिथि और जन्म स्थान के प्रमाण के लिए आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को प्रस्तुत करना अनिवार्य है — जैसे जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, या परिवार रजिस्टर की प्रति।

उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने और त्रुटियों के संशोधन का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।

About The Author

Share the News