प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में “सांसद खेलकूद प्रतियोगिता काशी-2025” का रंगारंग आगाज़ हुआ। जनपद के विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं से लेकर वरिष्ठ वर्ग तक के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बैडमिंटन, रिंग-टेनिस, कबड्डी, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स की रोमांचक प्रतियोगिताएं हुईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे, जिनका स्वागत भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय खेल अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला वॉलीबॉल सचिव सर्वेश पांडेय ने अंगवस्त्र, मोमेंटो और पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक धर्मेंद्र सिंह और सौरभ श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्टेडियम में दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। वॉलीबॉल मुकाबले में विभिन्न आयु वर्गों की 9 टीमों ने भाग लिया, जिनके फाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-11 वर्ग में अस्मित कुमार, आख्या पाठक, तेजस सिंह, शालिनी राय और डॉ. मनीषा सिंह जैसे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विजयी स्थान प्राप्त किए।
रिंग-टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-11 बालिका वर्ग में आदिशक्ति पांडेय ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-14 वर्ग में लक्ष्य केसरी, श्रेया यादव और आन्वी कश्यप ने फाइनल में जगह बनाई।
कबड्डी प्रतियोगिता में सेवापुरी, आराजी लाइन, कोतवाली जोन और आदमपुर की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की, वहीं बालिका वर्ग में सेवापुरी की टीम ने आराजी लाइन को पराजित किया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर और 3000 मीटर रेस में प्रतिभागियों ने अपनी रफ्तार का जौहर दिखाया। अंडर-11 से लेकर 40+ आयु वर्ग तक में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विधायक सौरभ श्रीवास्तव और महापौर अशोक तिवारी ने क्रमशः 3000 मीटर और 800 मीटर दौड़ का शुभारंभ गनफायर के साथ किया।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह, बीएसए अनुराग श्रीवास्तव, महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, आरएसओ विमला सिंह सहित अनेक अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनीषा रानी सिंह और निलेश मिश्रा ने किया।

More Stories
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे
50 हजार का इनामी गैंगस्टर STF के शिकंजे में