कर्तव्य पथ पर शहीद: प्रतापगढ़ में अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आए उपनिरीक्षक महानंद त्रिपाठी की दर्दनाक मौत

प्रतापगढ़। ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस उपनिरीक्षक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। प्रतापगढ़ में रविवार सुबह एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार उपनिरीक्षक को टक्कर मार दी और उसके बाद सिर कुचलते हुए फरार हो गया। मौके पर ही उपनिरीक्षक की मौत हो गई।

मृतक उपनिरीक्षक की पहचान महानंद त्रिपाठी (56 वर्ष) निवासी सरधुआ, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई है। वे वर्तमान में प्रतापगढ़ महिला थाना में तैनात थे। बताया गया कि वे एक मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में अंतू की ओर जा रहे थे। हादसा सराय वीरभद्र के पास उस समय हुआ जब बेकाबू डंपर ने सामने से टक्कर मारी और भागते समय वाहन उनके सिर के ऊपर चढ़ गया।

घटना आबादी से दूर होने के कारण कुछ समय तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई। बाद में एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।

सहायक पुलिस अधीक्षक (सीओ सिटी) प्रशांत राज ने बताया कि “डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन को जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा।”

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में उपनिरीक्षक महानंद त्रिपाठी को अंतिम विदाई दी गई, जहां पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

About The Author

Share the News