डाला छठ पर्व पर वाराणसी यातायात पुलिस की विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू

वाराणसी। आगामी सूर्य षष्ठी (डाला छठ) पूजा के अवसर पर शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 27 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे से प्रभावी होगी और छठ पूजा समाप्ति तक लागू रहेगी। वहीं 28 अक्टूबर को यह व्यवस्था तड़के 3 बजे से लागू होगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, छठ घाटों की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। रामापुरा, बेनिया, मैदागिन, गोदौलिया, सोनारपुरा, भदऊ चुंगी, राजघाट पुल, सूजाबाद, अंबेडकर चौराहा समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। छठ पूजा से संबंधित वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं जैसे – मजदा टॉकीज, बेनिया बाग मैदान, हरिश्चंद्र कॉलेज, टाउनहाल, रेलवे मैदान, जे.पी. मेहता रोड आदि।

बिहार से आने वाली निजी बसों को मुरारी चौक बस स्टैंड के बजाय स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने खाली मैदान में खड़ा किया जाएगा। वहीं छठ पूजा में आने वाले ट्रैक्टर-ट्राली, मालवाहक और बसों को विश्वसुंदरी पुल के नीचे बने मैदान में पार्किंग की अनुमति दी गई है, जबकि पुल से मुरारी चौक या सामने घाट की ओर जाने पर रोक रहेगी।

बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में सूर्य सरोवर के आस-पास भी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

नो-एंट्री व्यवस्था के तहत 27 और 28 अक्टूबर को रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक भारी वाहनों को सीमित छूट दी जाएगी, जबकि सुबह 2 बजे के बाद किसी भी भारी वाहन को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित एडवाइजरी का पालन करें और छठ पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

छठ मैया की जय — सुरक्षित चलें, सहयोग करें!

About The Author

Share the News