वाराणसी में नई पार्किंग नीति लागू: बेनियाबाग-अंडरग्राउंड और गोदौलिया पार्किंग 24 घंटे खुली, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

त्योहारों के मद्देनज़र वाराणसी प्रशासन ने शहर में नई पार्किंग नीति को प्रभावी बनाने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नई पार्किंग नीति नियमावली के तहत यातायात पुलिस, विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर उपयुक्त पार्किंग स्थलों का चयन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहरी क्षेत्र में बढ़ती पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान करना है।

इसी क्रम में रघुनाथपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण हेतु ₹90.60 लाख का आगणन तैयार किया गया है, जिससे वहां यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

पुलिस उपायुक्त, जोन काशी ने जानकारी दी कि आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, डाला छठ और श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है।
चार पहिया वाहनों के लिए अंडरग्राउंड पार्किंग बेनियाबाग और मैदागिन, जबकि दोपहिया वाहनों के लिए गोदौलिया स्मार्ट सिटी पार्किंग 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की संयुक्त टीम सक्रिय है। अतिक्रमण हटवाने के बाद पुनः कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर 34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही फैंटम गश्त, पेट्रोलिंग और ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त, दशाश्वमेध जोन को भीड़ नियंत्रण और सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाने तथा लगातार भ्रमणशील रहकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author

Share the News