वाराणसी में दिवाली से पहले घाट होंगे पूरी तरह साफ — 18 ठेकेदार और 73 पम्पों के साथ युद्धस्तर पर गाद हटाने का अभियान

दिवाली, कार्तिक पूर्णिमा और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले वाराणसी नगर निगम ने घाटों की सफाई अभियान को तेज कर दिया है। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष गंगा नदी के जलस्तर में कई बार वृद्धि होने के कारण घाटों की सफाई में थोड़ी देरी हुई थी, लेकिन अब 18 ठेकेदारों और 73 पम्पों की मदद से युद्धस्तर पर गाद और मिट्टी हटाने का कार्य जारी है।

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक लगभग 80 प्रतिशत सफाई कार्य पूरा हो चुका है, और दिवाली से पहले सभी घाटों से सिल्ट एवं गाद पूरी तरह हटा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम हर वर्ष की तरह इस बार भी आगामी पर्वों से पहले घाटों को पूरी तरह स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके साथ ही, कुछ स्थानों पर ईंट-पत्थरों के सहारे ढके सीवर चैंबरों की शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई है। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत कर नए ढक्कन लगा दिए गए हैं, और क्षेत्र की सीवर लाइनें पूरी तरह सुचारू रूप से क्रियाशील हैं।

About The Author

Share the News