वाराणसी/गया। उत्तर प्रदेश की एसटीएफ वाराणसी इकाई ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के 3 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 684 किलोग्राम गांजा (अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग ₹1.71 करोड़) बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कार्रवाई गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर की गई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान विकास यादव (चंदौली, उत्तर प्रदेश), संजीव तिवारी, और धीरज कुमार गुप्ता (दोनों बिहार के रोहतास जिले के निवासी) के रूप में हुई है। उनके पास से एक ट्रक (JH 02 AH 7702), एक क्रेटा कार (JH 01 FS 1951), छह मोबाइल फोन, दो ड्राइविंग लाइसेंस, और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।
सूत्रों के अनुसार, गिरोह उड़ीसा के सम्भलपुर बौध क्षेत्र से गांजा लोड कर बिहार के डेहरी-ऑन-सोन लाया जा रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर एसटीएफ वाराणसी टीम ने बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की।
पूछताछ में सरगना धीरज कुमार गुप्ता ने खुलासा किया कि गिरोह लंबे समय से उड़ीसा, आंध्र प्रदेश से बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों (चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर आदि) में बड़े पैमाने पर गांजा की सप्लाई करता था। तस्कर ट्रक के आगे क्रेटा कार से पायलटिंग करते थे ताकि पुलिस चेकिंग से बच सकें।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना बाराचट्टी, गया में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा