त्यौहारों पर सुगम यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आयुक्त का पैदल भ्रमण, अतिक्रमण हटवाया गया — गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक चला अभियान

आगामी त्यौहारों को देखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को लहुराबीर, पिपलानी कटरा, मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा, मैदागिन और गोदौलिया क्षेत्रों में पैदल गश्त कर स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने सड़कों से अतिक्रमण हटवाया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी हाल में यातायात में बाधा न हो। उन्होंने मैदागिन चौराहे पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने और नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए।

गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक पैदल गश्त के दौरान फुटपाथों से अवैध दुकानों और ठेलों को हटाया गया तथा अतिक्रमणमुक्त व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई। सड़क किनारे अतिक्रमण कर राहगीरों और वाहनों की आवाजाही में बाधा डालने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई भी की गई।

इसके साथ ही तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म, जातिसूचक शब्दयुक्त वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाकर कार्यवाही की गई, जिससे आमजन को सुगम और सुरक्षित यातायात मिल सके।

इस दौरान डीसीपी काशी गौरव बंशवाल, एडीसीपी काशी सरवणन टी., संबंधित एसीपी व थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

About The Author

Share the News