भव्य रामबारात शोभायात्रा निकली काशी में — जयघोषों से गूंज उठी गलियां, हर-हर महादेव और जय श्रीराम के नारों से गूंजा माहौल

श्री मणिकर्णिका रामलीला समिति (काशी) द्वारा आयोजित पारंपरिक रामबारात शोभायात्रा का आयोजन आज भव्यता और हर्षोल्लास के साथ किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ मैदागिन स्थित अग्रसेन इंटर कॉलेज से हुआ, जो मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, आस भैरव चौक, कचौड़ी गली, ब्रह्मनाल होते हुए मणिकर्णिका घाट पर संपन्न हुई।

रामबारात के आगे-आगे सजे हुए घोड़े, ऊँट, लाग विमान, बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े और कालीजी का मुखौटा लगाकर नृत्य करते कलाकारों ने सभी का मन मोह लिया। बाराती पारंपरिक बनारसी वेशभूषा में सजे हुए, माथे पर चंदन का तिलक लगाए, “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रहे थे।

जब बारात मणिकर्णिका द्वार पहुँची, तो स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने प्रभु स्वरूप की आरती उतारी। वातावरण में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बच्चों में भी भारी उत्साह देखने को मिला — मानो स्वयं देवता पुष्प वर्षा कर रहे हों।

चारों भाइयों का विवाह मणिकर्णिका घाट पर वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया गया। आचार्य रानी महाराज के निर्देशन में अनुष्ठान हुए। परंपरा के अनुसार खिचड़ी खवाई और गाली गवाई की रस्में भी निभाई गईं, जिसमें स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक गीतों से माहौल को जीवंत कर दिया।

इस अवसर पर सुशील कपूर, विभूति नारायण सिंह, शरित कुमार सिंह, विजय शंकर पांडेय, मनोज शर्मा, दीपक तिवारी, यथार्थ सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News